PM मोदी की गुजरात को रो-रो फेरी सेवा की सौगात
समुद्री तट को देश की उन्नति और समृद्धि का प्रवेश मार्ग बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पिछले दशकों में केंद्र सरकारों ने समुद्री क्षेत्र के विकास पर ध्यान नहीं दिया और जहाजरानी और बंदरगाह क्षेत्र भी उपेक्षित रहा. हमारी सरकार ने समुद्री क्षेत्र में सुधार एवं जल आधारभूत संरचना के विकास के लिए ‘सागरमाला’ परियोजना और 106 राष्ट्रीय जल मार्गों के निर्माण का कार्य शुरू किया है.
भावनगर के घोघा और भरूच के दहेज के बीच 650 करोड़ रुपये की रोल-ऑन रोल ऑफ (रो-रो) फेरी सेवा के पहले चरण का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने देश के परिवहन क्षेत्र के असंतुलन को दूर करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाया है. नई पोत परिवहन नीति और नई विमानन नीति तैयार की है. छोटे-छोटे हवाई अड्डों को सुधारने की पहल शुरू की है. इसके साथ ही अहमदाबाद और मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन परियोजना का कार्य आगे बढ़ाया है.

