पनामाBreaking News Featured Article News 

7.7 तीव्रता का भूकंप और 200 से ज्यादा झटके, पनामा में भारी नुकसान; सरकार ने घोषित किया आपातकाल

पनामा सिटी: मध्य अमेरिकी देश पनामा में 9 अक्टूबर को आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। भूकंप के बाद 200 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स यानी झटके दर्ज किए गए हैं। लगातार आ रहे झटकों के बीच लोगों में चिंता का माहौल है। भूकंप से कई घरों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। हालात को देखते हुए सरकार ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है।

करीब 900 घर क्षतिग्रस्त, 27 लोग घायल

आपातकालीन अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण करीब 900 घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कम से कम 27 लोग घायल हुए हैं। राहत एजेंसियों के अनुसार, दूरदराज के इलाकों में नुकसान का आकलन अभी जारी है, इसलिए प्रभावित घरों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
भूकंप का असर देश के मध्यवर्ती प्रांतों में विशेष रूप से देखने को मिला है। वेरागुआस और लॉस सैंटोस प्रांतों में कम से कम 14 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों और पुलों की मरम्मत तथा राहत सामग्री पहुंचाना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती बन गया है।

पनामा

राहत के लिए 100 मिलियन डॉलर तक की व्यवस्था

सरकार ने आपातकालीन घोषणा के तहत राहत कार्यों के लिए 100 मिलियन डॉलर तक की राशि उपलब्ध कराने का प्रावधान किया है। इसका इस्तेमाल प्रभावित लोगों की मदद और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली में किया जा सकेगा।
अमेरिका ने भी पनामा की सहायता के लिए 50 लाख डॉलर देने का ऐलान किया है। इसके अलावा, राहत कार्यों और बुनियादी ढांचे के आकलन में मदद के लिए 20 सदस्यीय टीम भेजी जा रही है।

आफ्टरशॉक्स पर लगातार नजर

पनामा के भू-विज्ञान संस्थान के निदेशक ने बताया कि 200 से अधिक झटके दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, बाद के झटकों की तीव्रता घट रही है और उनके बीच का अंतराल बढ़ रहा है। इसके बावजूद अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
भूकंप के कारण सोमवार को देशभर में स्कूलों की कक्षाएं निलंबित करने का फैसला लिया गया। वहीं, अधिकारियों के अनुसार, पनामा नहर में जहाजों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है। अब प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने, क्षतिग्रस्त ढांचे की मरम्मत और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।

 

Related posts

Leave a Comment