सीएम योगीः उत्तर प्रदेश में हर घर से एक परिवार के सदस्य को मिलेगा रोजगार
सीएम ने कार्यक्रम में किया संबोधित
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेला एवं सेवायोजित प्रशिक्षणार्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इसके लिए प्रदेश में सभी परिवारों के सभी सदस्यों की स्किल मैपिंग का अभियान बहुत जल्द शुरू होगा। जहां मुख्यमंत्री ने कहा कि स्किल मैपिंग के बाद आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण देकर जो लोग वंचित है उन लोगों को रोजगार या स्वरोजगार के तहत जोड़ा जाएगा। वहीं, सरकार का यह भी संकल्प है कि उत्तर प्रदेश में कोई भी परिवार वंचित नहीं रहेगा।
स्किल मैपिंग से लगेगा पता
दरअसल, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्किल मैपिंग के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कितने परिवार में सदस्य नौकरी से जुड़े हैं या सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर रोजगार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें जो भी वंचित मिलेंगे उनका डाटा तैयार होगा। उन्होंने कहा कि एक बार डाटा आते ही बचे परिवारों को विशेष कार्यक्रम से जोड़कर कम से कम उनके एक सदस्य को नौकरी व रोजगार दिया जाएगा।

