Breaking News 

राहुल गांधी का मजाक उड़ाने की भाजपाई तरकीब अब कारगर नहींः शशि थरूर

पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा है कि भाजपा राहुल गांधी का मजाक बनाने में बहुत हद तक सफल रही है, लेकिन अब यह तरीका कारगर नहीं रहा, क्योंकि लोग कांग्रेस उपाध्यक्ष को ‘प्रभावी प्रतिद्वंद्वी’ के रूप में देख रहे हैं।

कांग्रेस सांसद ने एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में कहा कि पिछले कुछ महीनों में समूचे परिदृश्य में बहुत स्पष्ट फर्क आया है और लोग नरेंद्र मोदी नीत भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर खुलेआम अपना संशय जाहिर कर रहे हैं। तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य ने कहा कि लोग कांग्रेस को भाजपा के उपयुक्त विकल्प के तौर पर देखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘भाजपा पूर्व में राहुल गांधी का मजाक बनाने में बहुत हद तक सफल रही थी। वह चीज अब बहुत अधिक कारगर नहीं रही, क्योंकि राहुल गांधी को भाजपा के प्रभावी प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखा जा रहा है..। सोच में जो बदलाव आया है, वह अगर जारी रहा तो चीजें कांग्रेस के पक्ष में जा सकती हैं।’ थरूर ने कहा कि पंजाब के गुरदासपुर में कांग्रेस और केरल के वेंगारा में उसके सहयोगी दल की हालिया जीत से परिवर्तन नजर आ रहा है।

थरूर ने दावा किया कि केरल और गुजरात में यात्रा निकालने की भाजपा की कोशिश पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा, ‘मैं भी यह जोरदार तरीके से महसूस कर रहा हूं कि लोगों ने यह पूछना शुरू कर दिया है कि सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए क्या कर रही है..। इस बात को लेकर कोई संदेह नहीं है कि लोग हमें अप्रैल या मई 2014 की तुलना में अधिक संभावना के साथ देख रहे हैं।’

Related posts

Leave a Comment