पहली बार प्रधानमंत्री ने कहां दी जवानों को श्रद्धांजलि
आज देशभर में 71 वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद रहे। इसके पहले गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमर जवान ज्योति पर शहीदों को नमन करते थे।
जरूर देखें – स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर बेलूरमठ में प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
इस दौरान उनके साथ पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, आर्मी चीफ जनरल नरवाना, नेवी चीफ एडमिरल करमबीर सिंह, एयरफोर्स चीफ एयर मार्शल आरकेएस भदुरिया मौजूद रहे। पहली बार प्रधानमंत्री नेशनल वाॅर मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित करने के बाद पीएम मोदी राजपथ के लिए रवाना हो गए। आपको बता दें, राजपथ पर हर साल गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस साल ब्राजिल के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो (Jair Bolsonaro) मुख्य अतिथि के तौर पर गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं।

हर बार खास मौके पर प्रधानमंत्री के पहनावे की चर्चा समाचारों की सुर्खियों में रहती है।
इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री ने सफेद कुर्ता पायजामा के साथ जैकेट और भगवा रंग का साफा पहना है। इस बार प्रधानमंत्री मोदी का साफा पिछली बार के साफे से मिलता जुलता है। यह गहरे केसरिया रंग का है जिसमें चित्तियां बनी हुई हैं।
आपको बता दें कि पीएम ने 48 साल पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए इस नई परंपरा का आगाज किया है। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के शहीदों की याद में अमर जवान ज्योति की इंडिया गेट पर 1972 में तैयार किया गया था। पहले तीनों सेनाओं के प्रमुख स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस या अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि दिया करते थे।

