सेना का स्वच्छ भारत अभियान बढ़ा दो कदम आगे: आतंकी वसीम शाह और हाफिज निसार को जवानों ने किया ढेर
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आज (शनिवार) सुबह-सुबह जवानों ने 2 आतंकी मार गिराएं। कश्मीर के पुलवामा के लिटर गांव में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में आतंकी वसीम शाह और हाफिज निसार को जवानों ने ढेर कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आतंकी वसीम शाह लश्कर का टॉप कमांडर था। बता दें कि इस साल अभी तक 171 आतंकी मारे जा चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘दोनों आतंकी लश्कर के कमांडर बताए जा रहे हैं। सुरक्षाबलों को 2 से 3 आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद एनकाउंटर शुरू हुआ। फिलहाल ऑपरेशन जारी है।’
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आतंकी वसीम शाह लश्कर का टॉप कमांडर है और सुरक्षाबलों को लंबे समय से इसकी तलाश थी। इससे पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में कहा था कि सेना कश्मीर से चुन-चुनकर आतंकियों का सफाया कर रही है और रोज 4-5 आतंकी मारे जा रहे हैं।
बता दें कि इसी हफ्ते सेना ने शोपियां में एनकाउंटर किया था जिसमें सेना ने हिजबुल के एक कमांडर समेत 3 आतंकियों को मार गिराया। इस मुठभेड़ में मारे गए कमांडर की पहचान जाहिद मीर के रूप में हुई है। सेना और जम्मू-कश्मीर की पुलिस लगातार आतंक से घाटी को मुक्त करने के लिए ऑपरेशन चला रही है।

