सीएम विजय रूपाणी ने मांगा अहमद पटेल से इस्तीफा
गुजरात में आतंकी साजिश को लेकर जी न्यूज ने खुलासा किया है. गुजरात एटीएस ने दो आतंकियों को कल यानी गुरुवार 26 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था. दोनों की पहचान मोहम्मद कासिम टिंबरवाला और उबेद अहमद मिर्जा के रूप में हुई. एटीएस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए संदिग्ध अहमदाबाद के खादिया इलाके में स्थित यहूदी उपासनागृह में बहुत जल्द हमले की योजना बना रहे थे. टिंबरवाला अंकलेश्वर में एक अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में काम करता है, जबकि उबेर अहमद मिर्जा सूरत जिला अदालत में वकील है और एक होटल का मालिक भी है. ISIS आतंकी कासिम अहमद पटेल के अस्पताल में नौकरी करता था. आतंकियों ने पकड़े जाने के दो दिन पहले ही अस्पताल से इस्तीफा दिया था. कासिम आतंकी हमला करके जमैका भाग जाना चाहता था.
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कांग्रेसी सांसद अहमद पटेल पर आतंकियों से संबंध का आरोप लगाया है. रूपाणी ने इस मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से सफाई मांगी है. रूपाणी ने यह भी कहा कि राज्यसभा सांसद अहमद पटेल को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. उधर इस मसले पर कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है.

