Breaking News 

नेशनल हाईवे पर सफर होगा सस्ता, जितनी दूरी बस उतना ही टोल

राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वालों को जल्द ही बड़ी राहत मिल सकती है। सरकार एक ऐसी नीति लाने जा रही है जिसमें यात्रियों को सिर्फ राजमार्ग के इस्तेमाल किए गए हिस्से का ही टोल देना होगा। अभी तक सभी एक समान दर से टोल देते हैं। सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग सचिव युद्धवीर सिंह मलिक ने गुरुवार को कहा कि सरकार इसके लिए कुशल परिवहन प्रबंधन प्रणाली पर काम कर रही है।

इंडस्ट्री चैंबर पीएचडीसीसीआइ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में मलिक ने कहा, ‘एक संकीर्ण टोल नीति के बजाय हमें कुशल परिवहन प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से खुली टोल नीति की शुरुआत करनी चाहिए। इसमें आपको सिर्फ उतना टोल देना होगा जितनी सड़क का आप इस्तेमाल करेंगे। हम जल्द इस नीति को लेकर आ रहे हैं। एक साल या उससे आगे के समय में हम इसे लागू कर पाएंगे।’ अमेरिका, आस्ट्रेलिया सहित कई देशों में यात्रा की दूरी के हिसाब से टोलिंग प्रणाली है।

उन्होंने यह भी कहा कि रोल आन, रोल आफ (रो-रो) फेरी की योजना सूरत के लिए भी बनाई गई है। यह गुजरात के दूसरे हिस्से के लिए होगी। इससे करीब 600 से 700 किलोमीटर की दूरी कम होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में ही पिछले सप्ताह 615 करोड़ रुपये की रो-रो फेरी सेवा का शुभारंभ किया। यह सेवा सौराष्ट्र के भावनगर जिले के घोघा को भरुच जिले के दाहेज से जोड़ती है।

 

Related posts

Leave a Comment