उपद्रवियों को आर्मी चीफ की खुली चेतावनी, ‘पत्थर चलाओगे तो गोली खाओगे’
दो दिन पहले जम्मू कश्मीर में आतंकियों के साथ एनकाउंटर में शहीद जवानों को श्रद्धांजिल देने के बाद सेना प्रमुख ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कश्मीर में जो स्थानीय लोग आतंकियों का साथ दे रहे हैं, उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा. उन्होंने कहा कि कश्मीर में अगर पत्थर चलाओगे तो गोली खाओगे.
सेनाध्यक्ष की ये कड़ी चेतावनी जम्मू कश्मीर में उन लोगों के लिए है, जो आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में बाधा डालते हैं. सेनाध्यक्ष को ये बातें इसलिए कहनी पड़ी क्योंकि दो दिन पहले बांदीपुरा के हाजिन में जिस वक्त आतंकियों के साथ मुठभेड़ चल रही थी, उसी वक्त वहां प्रदर्शन और पत्थरबाजी भी हो रही थी.
बांदीपुरा और हंदवाड़ा में हुए एऩकाउंटर में देश ने चार जांबाजों को खो दिया और इसकी बड़ी वजह ये रही कि आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों के ऑपरेशन के दौरान ही ये हंगामा होता रहा. जनरल बिपिन रावत ने कहा, ‘’जिस तरीके से स्थानीय लोग आतंकियो के खिलाफ ऑपरेशन में बाधा डाल रहे हैं और कई बार तो आतंकियों के भागने में मदद भी कर रहे हैं. जिससे ज्यादा संख्या में सुरक्षाबलों की जान जा रही है.’’

