आधा हिस्सा वसूलेगा ISRO
इसरो अपने पीएसएलवी- सी 37 रॉकेट के जरिए अगले सप्ताह छोड़े जाने वाले 104 उपग्रहों पर आने वाली लागत का आधा हिस्सा विदेशी उपग्रहों के प्रक्षेपण से वसूल लेगा। आगामी 15 फरवरी को प्रक्षेपित किए जाने वाले 104 उपग्रहों में से सिर्फ तीन भारत के हैं। इसरो अध्यक्ष ए एस किरण कुमार ने कहा, ‘हम अपनी क्षमता का अधिकतम इस्तेमाल करना चाहते हैं। हम अपने तीन उपग्रहों का प्रक्षेपण कर रहे हैं। एक 730 किलोग्राम है और दो अन्य 19-19 किलोग्राम के हैं। हमारे पास 600 किलोग्राम अतिरिक्त जगह थी। इसलिए हमने 101 विदेशी उपग्रहों को जगह देने का फैसला किया।’
विदेशी ग्राहकों से इसरो कितनी राशि अर्जित करेगा इसका ठीक-ठीक खुलासा किए बिना उन्होंने कहा, ‘मोटा-मोटी हमारी आधी लागत विदेशी उपग्रहों के प्रक्षेपण से वसूल हो जाएगी।’ अंतरिक्ष एजेंसी ने विदेशी उपग्रहों के प्रक्षेपण के जरिए 10 करोड़ डॉलर से अधिक रकम अर्जित की है। उसने छोटे उपग्रहों के प्रक्षेपण पर श्रेष्ठता भी हासिल कर ली है।

