कांग्रेस वर्किंग कमेटी के महासचिव ने अध्यक्ष के लिए बंद लिफाफे में मांगे नाम
देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी इस समय नेतृत्व के संकट से जूझ रही है। लोकसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस पार्टी के लिए यह सबसे बुरा दौर है। इसके पहले कांग्रेस पार्टी में कभी भी अध्यक्ष पद के लिए इतना बवाल नहीं हुआ। नेतृत्व का संकट उत्पन्न होने के बाद और राहुल गांधी द्वारा दोबारा अध्यक्ष ना बने जाने के बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल राव ने सीडब्ल्यूसी के सदस्यों और कांग्रेस महासचिव से बंद लिफाफे में 4-4 नाम मांगे हैं। सभी सदस्यों और महासचिव द्वारा बंद लिफाफे में नाम दिए जाने के बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक में इन नामों पर चर्चा की जाएगी ताकि कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुना जा सके।
अध्यक्ष के चुनाव के लिए उठाई जा रही है मांग
मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी ने अध्यक्ष चुने जाने के कांग्रेस पार्टी के इस तरीके पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए चल रही बैठकों पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आखिर इन बैठकों को किसने अधिकृत किया है? उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष ना बनने के बाद पार्टी के नए अध्यक्ष के लिए एक व्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया बनाई जानी चाहिए। पहले ही राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि गांधी परिवार से अब कोई भी कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं बनेगा।
राज्यों में पार्टी के प्रमुखों ने भी दिया इस्तीफा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा अध्यक्ष पद छोड़े जाने के बाद अन्य राज्यों में कई पार्टी प्रमुखों ने इस्तीफा दे दिया है। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी अपना इस्तीफा हार की जिम्मेदारी लेते हुए सौंपा था। बंगाल में कांग्रेस इकाई के प्रमुख सोमेन मित्रा ने भी खुद को लोकसभा चुनाव के लिए हार का जिम्मेदार ठहराते हुए पार्टी को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके अलावा पार्टी के अंदर कई अन्य छोटे-छोटे पदाधिकारियों ने भी अपना इस्तीफा सौंपा था। कांग्रेस वर्किंग कमेटी जल्द से जल्द पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने की तैयारी में है।

मेरे लिखने का सभी के लिए भले कोई अर्थ नहीं होता..
मगर मेरा लिखना हर किसी के लिए व्यर्थ नहीं होता।



