US Flight Disruption: अमेरिका में 11 हजार उड़ानें रद्द होने के बाद हवाई सेवाएं बहाल, ATC कम्युनिकेशन फेल होने से मचा था हड़कंप
अमेरिका की एविएशन इंडस्ट्री में अचानक आई तकनीकी समस्या के कारण हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देशभर में करीब 11 हजार उड़ानें रद्द होने और लगभग 15 लाख यात्रियों के प्रभावित होने की खबर है। हालांकि, अब अमेरिकी एयरस्पेस से लगी रोक हटा दी गई है और हवाई सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो रही हैं। अमेरिका के ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी शॉन डफी ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सेंटरों में आई तकनीकी समस्या की पहचान कर उसे ठीक कर दिया गया है। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों की ताजा स्थिति जानने के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल में क्यों आई समस्या?
शॉन डफी के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों और TRACON में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके कारण कम्युनिकेशन सेवाएं प्रभावित हुईं और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर विमानों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे।
विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने तत्काल प्रभाव से नेशनल ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया। इसके तहत टेकऑफ के लिए तैयार विमानों को जमीन पर ही रोक दिया गया और देशभर में उड़ानों पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया।
इस दौरान 3,500 से अधिक विमान हवा में थे। अधिकारियों ने उन्हें जरूरी निर्देश देकर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
26 साल में तीसरी बार लगा नेशनल ग्राउंड स्टॉप
शॉन डफी के अनुसार, 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों और जनवरी 2023 में कंप्यूटर सिस्टम में आई खराबी के बाद यह तीसरा मौका था, जब पूरे अमेरिका में इस तरह उड़ानों को रोकना पड़ा।
एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 600 उड़ानों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। इनमें 496 विमानों को रास्ते से वापस लौटाया गया, जबकि 104 विमानों को नजदीकी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। शिकागो ओ’हारे, डेनवर, डलास फोर्ट वर्थ और रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन एयरपोर्ट पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिला।
क्या Microsoft की गड़बड़ी से ठप हुआ ATC?
शुरुआत में सवाल उठे कि क्या माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक सर्विस में आई खराबी का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर भी असर पड़ा है। हालांकि, शॉन डफी ने इस संभावना को खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ATC की समस्या का माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कोई संबंध नहीं था और साइबर अटैक के भी कोई सबूत नहीं मिले हैं।
उनके मुताबिक, असल समस्या टेलीकॉम आउटेज की थी। देशभर के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को आपस में जोड़ने वाली कम्युनिकेशन लाइन में खराबी आ गई थी। FAA के विशेषज्ञों और इंजीनियरों ने इसे ठीक किया। इसके बाद होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन की मंजूरी से हवाई सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गईं।
हालांकि, उड़ानों का पूरा शेड्यूल सामान्य होने में समय लग सकता है। इसलिए यात्रियों को एयरलाइन से लगातार अपडेट लेने की सलाह दी गई है।

