भारत की पहली महिला डॉक्टर आनंदी गोपाल जोशी को गूगल का डूडल के जरिये सलाम
गूगल ने भारत की पहली महिला डॉक्टर आनंदी गोपाल जोशी को उनके 153वें जन्मदिन पर गूगल डूडल के जरिये याद किया। गूगल के इस डूडल में वो अपने हाथ में डिग्री पकड़ी हुई हैं और गले में स्टेथोस्कोप लटका रखा है। बता दें, आनंदी जोशी उस समय डॉक्टर बनी थीं जब हमारे समाज की सोच महिला शिक्षा के खिलाफ थी।
उनका जन्म 31 मार्च 1865 को महाराष्ट्र के एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनका असली नाम यमुना था। आनंदी जोशी ने अपनी मेडिकल की डिग्री अमेरिका से क्वालीफाई किया। बताया जाता है अमेरिकी धरती पर कदम रखने वाली आनंदी जोशी पहली भारतीय महिला थी।
महज नौ साल की उम्र में ही आनंदी की शादी उनसे उम्र में तीन गुने बड़े यानी की करीब 27 साल के एक ऐसे शख्स से कर दी गई जो विधुर था। 14 साल की छोटी सी उम्र में आनंदी ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन मेडिकल सुविधाओं के आभाव में बच्चा मर गया। इस हादसे ने उनकी जिंदगी को झकझोर कर रख दिया।
पढ़ाई में पति ने दिया पूरा सहयोग
मेडिकल सुविधाओं के अभाव के कारण बेटे की मृत्यु से आनंदी की रुचि चिकित्सा और मेडिसिन में बढ़ गई। पति गोपालराव जोशी ने इसमें उनका पूरा साथ दिया और 16 साल की उम्र में पढ़ने के लिए उन्हें अमेरिका भेज दिया। उन्होंने पेंसिलवानिया के वूमेंस मेडिकल कॉलेज से डिग्री ली और एक नए सपने के साथ भारत लौटी। उनका सपना था कि वह भारत में महिलाओं के लिए मेडिकल कॉलेज खोलें।
पति गोपालराव उनकी पढ़ाई को लेकर काफी सख्त थे। आनंदी जोशी की शिक्षा को लिए उन्होंने हमेशा उन्हें प्रेरित किया। एक बार तो आनंदी कि पढ़ाई नहीं करने पर वो गुस्सा होकर उनकी पिटाई भी कर दी थी। 1886 में आनंदी जोशी ने अमेरिका के पेंसिल्वेनिया मेडिकल कॉलेज से एमडी की डिग्री हासिल की।
समय से पहले ही दुनिया को कहा अलविदा
पूरी दुनिया में भारतीय महिलाओं का सिर गर्व से ऊँचा करने वाली आनंदी जोशी 22 साल की होने से एक महीने पहले ही 26 फरवरी 1887 को दुनिया को अलविदा कह गईं। वो अपने सपने को साकार तो नहीं कर सकी लेकिन लड़कियों के लिए मिशाल बन गई। उस दौर में उन्होंने लड़कियों की पीढ़ी को अपने सपने को साकार करने के लिए लड़ना सिखाया।
आनंदी गोपाल जोशी को डिग्री पूरी करने पर लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और क्वीन विक्टोरिया ने बधाई दी थी। बता दें, दूरदर्शन पर ‘आनंदी गोपाल’ नाम से एक सीरियल भी आ चुका है जिसमे उनके जीवन वृतांत को दिखाया गया है।
Writer at India Alive

