पंजाब के गुरदासपुर में BSF ने मार गिराया पाकिस्तानी घुसपैठिया
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार सुबह गुरदासपुर सेक्टर के बरियाला में एक पाकिस्तानी घुसपैठिया को मार गिराया. बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ जवान ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर लगे बाड़ के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी.
उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवान द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बाद भी घुसपैठिया भारत की तरफ बढ़ता चला आ रहा था, इसके बाद सैनिकों ने उस पर गोलियां चला दी.
अधिकारी ने बताया कि घुसपैठिए को पिलर नंबर 15/3 के पास मार गिराया गया है. हालांकि, अभी घुसपैठिए की पहचान की जा रही है.
अधिकारी ने बताया कि जिस क्षेत्र में यह घटना हुई है, वह तीनों तरफ से रावी नदी से घिरा हुआ है. जब अधिकारी से पूछा गया कि जिस स्थान पर घुसपैठिया मारा गया है, वहां से कुछ बरामद हुआ है या नहीं. इस पर अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है.

