US के अगले NSA से मिले डोभाल
अपने कार्यकाल में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ अच्छी दोस्ती गांठने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने अब नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से भी अच्छे संबंध बनाने की दिशा में प्रयास करने शुरू कर दिए हैं। इसी की तहत मोदी के करीबी समझे जाने वाले भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने ट्रंप द्वारा नामित किए गए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल माइकल फ्लिन से मुलाकात की। उधर पाकिस्तान भी अपने तरीके से ट्रंप को रिझाने में जुटा हुआ है।
वॉशिंगटन में NSA डोभाल और माइकल फ्लिन की मुलाकात में दोनों के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक रणनीतिक मुद्दों और भारत-अमेरिकी संबंधों को आगे बढ़ाने के रास्ते तलाशने को लेकर व्यापक स्तर चर्चा हुई। भारतीय दूतावास के सूत्रों ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि बातचीत के दौरान फ्लिन ने मौजूदा समय में भारत के विकास और नेतृत्व की उसकी काबिलियत के प्रति सम्मान जताया है। डोभाल सोमवार को अमेरिका पहुंचे थे। ऐसा समझा जा रहा है कि फ्लिन ने कुछ दिन पहले डोभाल से फोन पर बात की थी और उन्हें अमेरिका आने का न्योता दिया था।

