92 फीसद भारतीय आबादी के पास 6.5 लाख से कम संपत्ति: रिपोर्ट
देश में एक ओर अमीरों की तादाद बढ़ रही है, तो दूसरी ओर बड़ी आबादी गरीबी में जी रही है। आंकड़ों के मुताबिक, 92 फीसद लोग ऐसे हैं, जिनके पास 10,000 डॉलर (करीब 6.5 लाख रुपये) से कम की संपत्ति है। वहीं 0.5 फीसद लोगों की संपत्ति एक लाख डॉलर (करीब 65 लाख रुपये) से ज्यादा है।
स्विस ब्रोकरेज क्रेडिट सुइस की रिपोर्ट में देश में संपत्ति को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। इसके मुताबिक, 2000 से 2017 के बीच देश की कुल संपत्ति में चार गुना की बढ़ोतरी हुई। 2017 के मध्य तक यहां की कुल संपत्ति पांच लाख करोड़ डॉलर (करीब 325 लाख करोड़ रुपये) के स्तर पर पहुंच गई। हालांकि अब भी अमेरिका की तुलना में भारत बहुत पीछे है। अब भी यहां की कुल संपत्ति उस स्तर पर है, जहां अमेरिका 90 साल पहले था। भारत में आबादी अमेरिका की तुलना में चार गुना है।
रिपोर्ट में 2022 तक भारत की संपत्ति छह लाख करोड़ डॉलर (करीब 389 लाख करोड़ रुपये) के स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। अमेरिका में 1936 में कुल संपत्ति इस स्तर पर थी। 2022 तक भारत में करोड़पतियों की संख्या 2.45 लाख के वर्तमान स्तर से 50 फीसद बढ़कर 3.70 लाख पहुंचने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर की कुल संपत्ति 2017 के मध्य तक 280 लाख करोड़ डॉलर (करीब 18,146 लाख करोड़ रुपये) के स्तर पर पहुंच गई थी।

