Breaking News 

यशवंत सिन्हा बोले- कई बड़े फैसले हुए हैं, लेकिन अर्थव्यवस्था में गिरावट से चिंता

मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाने वाले लेख के बाद पहली बार यशवंत सिन्हा मीडिया के सामने आए. गुरुवार को उन्होंने कहा कि 8 लाख करोड़ रुपए का पैसा एनपीए में फंसा हुआ है. देश की अर्थव्यवस्था में गिरावट हुई है. मुझे लगा कि बात को सामने रखना चाहिए.

यशवंत सिन्हा ने कहा कि बैंक बुरी तरह से फंसे हुए हैं जिसके कारण बैंक ने कर्ज देना बंद कर दिया, अर्थव्यवस्था धीमी हुई. फिर नोटबंदी की और जीएसटी लागू कर दी गई जिसके बाद स्थिति बिगड़ती गई.

यशवंत सिन्हा बोले कि मैं बीजेपी में जीएसटी का सबसे बड़ा पक्षधर रहा हूं, उस समय मैं उस कमेटी में था. जब गुजरात सरकार के विरोध के बावजूद मैंने जीएसटी के काम को आगे बढ़ाया. आज जो लोग जीएसटी को आजादी के बाद का सबसे बड़ा रिफॉर्म बता रहे थे, उस समय वो कहीं पर भी नहीं थे.

1 जुलाई से जीएसटी को लागू करने का कोई फायदा नहीं हुआ है, 1 अप्रैल से लागू करते तो काफी अच्छा रहता. ऐसा नहीं है कि सरकार को लकवा मार गया है फैसले हो रहे हैं. सरकार में कन्फ्यूज़न की स्थिति है, कल्याण की योजनाओं के अलावा भी कई और सुधार करने होंगे. बैंक के एनपीए को लेकर को बड़ा फैसला लेना होगा.

यशवंत सिन्हा ने कहा कि 40 महीने के बाद किसी और को दोष नहीं दिया जा सकता है. देश की जनता चाहती है कि आज ही रोजगार मिलें.

Related posts

Leave a Comment