भारत में सात अगस्त को आंशिक चंद्रग्रहण, कई देशों में दिखाई देगा
भारत में सात अगस्त को चंद्रमा पृथ्वी की छाया में होगा और इस दिन आंशिक चंद्रग्रहण होने जा रहा है. यह खगोलीय दृश्य भारत समेत दुनिया के कई देशों से नजर आएगा. पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह साल का अंतिम चंद्रग्रहण होगा जिसमें ग्रहण की अवधि 1.57 घंटे होगी. अगला चंद्रग्रहण 31 जनवरी, 2018 को लगेगा, जो पूर्ण चंद्रग्रहण होगा और भारत में देखा जा सकेगा.
7 अगस्त को चंद्रमा का आंशिक ग्रहण प्रारंभ होगा, जो भारतीय मानक समय के अनुसार 22.52 से शुरू होगा और 8 अगस्त को 00-49 तक जारी रहेगा. अधिकतम ग्रहण के दौरान चंद्रमा का केवल एक छोटा अंश ही पृथ्वी की छाया के दायरे में आएगा. यह आंशिक ग्रहण भारत के सभी स्थानों से दिखाई देगा. अधिकारी ने बताया कि यह चंद्रग्रहण पश्चिमी प्रशांत महासागर, ओशिनिया, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, अफ्रीका,यूरोप और अंटार्कटिका क्षेत्र में दिखाई देगा.

