भारत के 82 फीसदी लोगों ने कहा, वो बिना इंटरनेट के नहीं रह सकते
दुनिया ने हमारे भारत को विश्वगुरु कहा. हमारे पूर्वजों ने संस्कृति, अध्यात्म और ज्ञान और विज्ञान के मामले में पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया है. आज अगर एक बार फिर हमें Superpower बनना है तो हमें अपने पूर्वजों के रास्ते पर चलना होगा. हमारे देश के युवाओं में बौद्धिक क्षमता की कमी नहीं है. जरूरत इस बात की है हम अपनी बौद्धिक क्षमता का इस्तेमाल.. अपनी अलग पहचान बनाने में करें.
Google के CEO सुंदर पिचाई भारतीय मूल के हैं. Software और Hardware की बहुत बड़ी कंपनी Microsoft के CEO Satya Nadella भी भारतीय मूल के हैं. भारतीय मूल के लोगों ने पूरी दुनिया में अपने दिमाग का लोहा मनवाया है. Software और Hardware के हजारों इंजीनियर आज पूरी दुनिया को Computer, Laptop और Smart Phone बनाकर दे रहे हैं. लेकिन आज तक हम एक World Class Smart Phone नहीं बना सके. हम अपने देश में Google जैसा स्वदेशी Search Engine नहीं बना सके. और हम फेसबुक जैसा Social Media Platform भी नहीं बना पाए. इसलिए आज जरूरत इस बात की है कि दुनिया के दूसरे देशों में नौकरी करने के बजाय हम अपने देश में.. एक नई शुरुआत करें. हमें India First के सिद्धांत पर काम करना होगा वरना Superpower बनने का सपना कभी भी पूरा नहीं हो पाएगा.
पानी ऐसी चीज है जिसके बिना इंसान नहीं रह सकता. कुछ लोग कहेंगे कि हवा सबसे ज़रूरी है. लेकिन आज की दुनिया में एक और ऐसी चीज़ है जो हवा और पानी की तरह इंसान के लिए बहुत जरूरी हो गई है. और वो है इंटरनेट. इंसान एक बार को बिना खाए पिए तो रह सकता है,.. लेकिन इस दौर में इंटरनेट के बगैर रह पाना बहुत मुश्किल है.
दुनिया में 23 देशों के 18 हजार 180 लोगों पर एक Research हुआ है. जिसके Results हमारे देश के लिए बेहद चौंकाने वाले हैं. इस Research में ये सवाल पूछा गया कि क्या आप इंटरनेट के बिना जीवन की कल्पना कर सकते हैं. करीब 70 फीसदी लोगों ने कहा कि वो इंटरनेट के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं. यानी करीब दो तिहाई लोग इंटरनेट के बगैर नहीं रह सकते.
बड़ी बात ये है कि भारत इन 23 देशों की List में Number One पर है. सर्वे में शामिल भारत के 82 फीसदी लोगों ने ये कहा कि वो बिना इंटरनेट के नहीं रह सकते. दूसरे नंबर पर है United Kingdom.. यहां के 78 फीसदी लोगों का कहना है कि बिना इंटरनेट.. उनके लिए जीना बहुत मुश्किल है. तीसरे नंबर पर है चीन. चीन की कम्यूनिस्ट सरकार ने इंटरनेट पर काफी प्रतिबंध लगाए हैं फिर भी यहां के 77 प्रतिशत लोग इंटरनेट के बिना नहीं रह सकते. भारत ने इस List में United Kingdom, चीन, जर्मनी, अमेरिका, Russia, फ्रांस, इटली और जापान जैसे देशों को पीछे छोड़ दिया है.
भारत की महिलाएं इंटरनेट का इस्तेमाल करने के मामले में भारत के पुरुषों से बहुत पीछे हैं. भारत के 71 प्रतिशत पुरुष इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं और भारत की सिर्फ 29 प्रतिशत महिलाएं ही इंटरनेट का इस्तेमाल करती हैं. भारत के लोग सबसे ज्यादा Social Media के दीवाने हैं. एक अनुमान के मुताबिक वर्ष 2017 में 33 करोड़ 17 लाख लोग इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं और वर्ष 2022 तक ये संख्या बढ़कर करीब 51 करोड़ हो जाएगी. हम भारत के लोग तकनीक के इस्तेमाल में पहले नंबर पर हैं ये बहुत अच्छी बात है, लेकिन हमें सावधानी भी बरतनी होगी. हमें तकनीक का इस्तेमाल करना है लेकिन तकनीक का गुलाम नहीं बनना है.

