SBI और ICICI बैंक के बाद हाउसिंग फाइनेंस कंपनी HDFC ने भी घटाईं होम लोन पर ब्याज दरें
आइसीआइसीआइ बैंक के ब्याज दर में कटौती के एलान के बाद देश की दिग्गज हाउसिंग फाइनेंस कंपनी एचडीएफसी ने भी अपने नए आवास ऋण की ब्याज दर 0.15 फीसद घटाने की घोषणा कर दी। घटी दरें सोमवार से लागू हो गई हैं। देश के दो सबसे बड़े बैंकों और एचडीएफसी की ओर से ब्याज दर में कटौती के बाद अन्य बैंक भी ऐसा करने के लिए मजबूर होंगे। कर्ज लेने वालों के लिए राहत की खबर है।
हाउसिंग फाइनेंस कंपनी एचडीएफसी ने सैलरी वाली महिलाओं के लिए तीस लाख तक के लोन पर ब्याज दर घटाकर 8.35 प्रतिशत कर दी है। इससे पहले यह दर 8.5 फीसद थी। पुरुषों के मामले में यह ब्याज दर 8.40 फीसद होगी। इसके अलावा 30 से 75 लाख रुपये के लोन पर कंपनी सभी ऋण लेने वालों से 8.50 फीसद की दर से ब्याज वसूलेगी। इससे अधिक की राशि के नए लोन पर ब्याज दर 8.55 फीसद होगी। अब तक एचडीएफसी सभी तरह के लोन लेने वालों से 8.50 फीसद की दर से ब्याज लेती थी।
निजी क्षेत्र के बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक ने 30 लाख रुपये तक के होम लोन की ब्याज दरों में 0.3 फीसद तक की कटौती की घोषणा की है। इसका सबसे बड़ा फायदा अफोर्डेबल हाउसिंग के तहत लोन लेने वाले ग्राहकों को मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी योग्य होम लोन ग्राहक 2.67 फीसद की इंट्रेस्ट सब्सिडी का फायदा भी उठा सकते हैं। यह जानकारी न्यूज एजेंसी पीटीआई से मिली है।
कटौती के बाद कामकाजी महिलाओं को 8.35 फीसद और अन्य को 8.40 फीसद की दर पर 30 लाख रुपये तक का होम लोन मिल सकेगा। आईसीआईसीआई बैंक की यह नई दरें 15 मई से नये ग्राहकों के लिए प्रभावी हो चुकी है। आईसीआईसीआई बैंक ने यह कटौती अफोर्डेबल हाउसिंग के तहत की है।

