US में हुए ‘विश्व पुलिस खेल’ में भारत ने जीते 321 मेडल, बनाया रिकार्ड
अमेरिका के लॉस एंजेल्स में 7 अगस्त से 16 अगस्त तक हुए वर्ल्ड पुलिस गेम्स में भारतीय पुलिस के खिलाड़ियों ने नया कीर्तिमान हासिल किया है. इस दौरान भारत ने खेलों में कुल 321 मेडल हासिल किए, जिनमें 151 सिर्फ गोल्ड मेडल ही शामिल हैं.
इन खेलों में भुवनेश्वर की बोनिता लाकरा ने 4×100 मीटर की रिले रेस में गोल्ड मेडल जीता, जबकि 100 और 200 मीटर की दौड़ में 2 सिल्वर और 100 मीटर बाधा दौड़ में एक ब्रॉंज मेडल जीता. लॉस एजेंल्स में 9 दिनों तक चले इन पुलिस खेलों में भारत ने एथलेटिक्स में 61 गोल्ड, 52 सिल्वर और 34 ब्रॉंज मेडल जीते. वहीं देश का प्रतिनिधित्व कर रहे अन्य खिलाड़ियों ने रेसलिंग में 9 गोल्ड, जूडो में 3, आर्चरी में 15 गोल्ड, तैराकी में 16 गोल्ड और शूटिंग में 27 गोल्ड मेडल जीते.
इस तरह भारतीय पुलिस के खाते में कुल 321 मेडल आए, जबकि पिछले साल ये आंकड़ा सिर्फ 157 तक ही जा सका था. यूएस के लॉस एंजेल्स में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर सर्विसेज गेम्स में बीकानेर के गोल्फर, सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी पुष्पेंद्र राठौड़ ने गोल्फ में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीता है. राठौड़ के तीन राउंड्स में 77, 71 और 74 स्कोर था. व्यक्तिगत खेलों में उन्होंने नेट स्कोर में गोल्ड मेडल और ग्रॉस स्कोर में सिल्वर मेडल जीता.


