दिल्ली विधानसभा चुनाव – आज नामांकन दाखिल करेंगे अरविंद केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार 20 जनवरी को नामांकन करने की घोषणा की गई। अरविंद केजरीवाल नामांकन से पहले वाल्मीकि मंदिर जाएंगे। मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल का रोड शो कनॉट प्लेस होते हुए पंचकुला मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग से निकलता हुआ पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर खत्म होगा। इसमें पार्टी के विधायकों समेत तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर फिलहाल विपक्षी दलों ने चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है।
जरूर पढ़ें – केजरीवाल ने दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं की तारीफ़ करते हुए एक बड़ी गलती कर दी
आपको बता दें कि इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। अरविंद केजरीवाल को फिर से दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने के लिए उनका परिवार भी मैदान में उतर गया है। रविवार को मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल, बेटी हर्षिता और बेटे पुलकित ने वेस्ट किदवई नगर के कई इलाकों में चुनाव प्रचार करेंगे।

इस दौरान पूरे परिवार ने आप की टोपी और हाथ में ‘लगे रहो केजरीवाल’ के पत्रक ले रखे थे। घर-घर जाकर परिवार के सदस्य यह प्रचार सामग्री वितरित कर रहे हैं। साथ ही लोगों को केजरीवाल सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में किए गए कार्यों की जानकारी भी दे रहे हैं।
दो बड़ी राष्ट्रीय पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस के बीच आम आदमी पार्टी के मुकाबले का उम्मीदवार उतारने के मामले में पेंच अभी भी फंसा हुआ है। केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की बेटी लतिका दीक्षित या फिर बहन रमा धवन को प्रत्याशी बनाने की बातचीत हो रही है, लेकिन ये दोनों पार्टियां अभी तक चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके अलावा अजय माकन के करीबी महेंद्र मंगला और सुभाष चोपड़ा के नज़दीकी माने जाने वाले रमेश सब्बरवाल या फिर यूथ कांग्रेस के अशोक चोपड़ा में से किसी एक को कांग्रेस प्रत्याशी बना सकती है।

