PM मोदी Philippines Visit: चीन को रणनीतिक चुनौती, हिंद-प्रशांत में भारत की बढ़ती ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में ASEAN शिखर सम्मेलन के दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और फिलीपींस के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। PM मोदी ने इस साल ASEAN की सफलतापूर्वक अध्यक्षता करने के लिए फिलीपींस को बधाई दी। साथ ही, 2024 से ASEAN में भारत के कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में फिलीपींस की भूमिका और दोनों पक्षों के संबंध मजबूत करने में उसके निरंतर सहयोग की सराहना की।
रक्षा और समुद्री सुरक्षा पर रहेगा खास जोर
प्रधानमंत्री मोदी की यह मुलाकात क्वाड बैठक के अलावा भारत और फिलीपींस के द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और कनेक्टिविटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर है।
अगस्त 2025 में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया था। इसके बाद से रक्षा और सुरक्षा सहयोग दोनों देशों के रिश्तों का एक महत्वपूर्ण आधार बनकर उभरा है।
ब्रह्मोस मिसाइल समझौते से मजबूत हुई साझेदारी
भारत और फिलीपींस के रक्षा संबंधों में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का समझौता एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुआ। वर्ष 2022 में 375 मिलियन डॉलर के समझौते के तहत फिलीपींस ने भारत से ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली खरीदी थी। इसके साथ ही वह इस मिसाइल का पहला विदेशी ग्राहक बना। अप्रैल 2024 में मिसाइल प्रणाली की पहली खेप फिलीपींस पहुंचाई गई थी।
कई क्षेत्रों में बढ़ रहा सहयोग
दोनों नेताओं ने सितंबर 2026 में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई अपनी पिछली मुलाकात को भी याद किया। उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मार्कोस को ASEAN अध्यक्ष के रूप में आमंत्रित किया था।
दोनों पक्षों ने अगस्त 2025 में स्थापित रणनीतिक साझेदारी के तहत रक्षा एवं सुरक्षा, अंतरिक्ष, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, फिनटेक, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर संतोष जताया।
भारत और फिलीपींस के बीच मजबूत होते संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।

