कश्मीरी नौजवानों के सामने दो रास्ते, एक तरफ टूरिज्म दूसरी तरफ टेररिज्म : पीएम
प्रधानमंत्री ने रविवार के दिन जम्मू-कश्मीर को एशिया की सबसे लंबी सुरंग के रूप में तोहफा दिया। उन्होंने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर 9.2 किलोमीटर लंबी चनैनी-नाशरी टनल का उद्घाटन किया।पीएम मोदी ने ऊधमपुर के बट्टल बालियां लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सुरंग जम्मू कश्मीर के लिए विकास की लंबी छलांग है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां जो भी लोग उपस्थित हैं वो सबलोग मिलकर इसका उद्घाटन कीजिए। पीएम ने कहा हिमालय की गोद में सुरंग बनाकर हमने पर्यावरण की रक्षा का काम किया है।पीएम ने कहा कि इस सुरंग में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के पसीने की महक है। इस सुरंग की चर्चा पूरे विश्व में होगी।
मोदी ने कश्मीरी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पत्थर की ताकत क्या होती है। एक तरफ कुछ नौजवान पत्थर मारने में लगे हैं और कुछ ने पत्थर काट कर यह सुरंग बना दी। ये कश्मीर घाटी की भाग्य रेखा होगी। यह सुरंग कश्मीर के लिए नए रोजगार के मार्ग खोलेगा। पीएम ने कहा कि 40 साल से कश्मीर में आतंकवाद से धरती लहूलुहान हुई है। कश्मीर के युवाओं के पास दो रास्ते हैं एक ओर टूरिज्म है दूसरी तरफ टेररिज्म है। पीएम ने कहा कि नौजवानों को टूरिज्म की ताकत समझनी होगी।

