जयशंकर और टिलरसन की बैठक में दोनों ने आतंक को बड़ी चुनौती माना
भारतीय विदेश सचिव एस जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स डब्ल्यू टिलरसन के बीच आतंकवाद समेत विभिन्न मुद्दों पर अहम वार्ता हुई है। इस वार्ता के दौरान दोनों देशों ने आतंकवाद के मुद्दे पर सहयोग के साथ दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर दिया है। इस बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच अफगानिस्तान समेत एशिया पेसेफिक के मुद्दे पर भी अहम चर्चा हुई।
इसकी जानकारी देते हुए जयशंकर ने बताया कि इस बातचीत में कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई लेकिन वार्ता का मुख्य बिंदु भारत और अमेरिका के संबंध ही थे। वार्ता में आतंकवाद के मुद्दे पर दोनों देशों ने अपने विचार सा झा किए। साथ ही दोनों ने ही आतंक को एक बड़ी चुनौती माना है। इस वार्ता के दौरान अमेरिका के एनएसए समेत कई अन्य अधिकारी भी वहां पर मौजूद थे।
जयशंकर ने बताया कि दोनों देशों में कई ऐसे मुद्दे हैं जिनपर वह साझेदार के तौर पर एक साथ आगे चल सकते हैं। गौरतलब है कि आने वाले कुछ समय में पीएम मोदी अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं। इससे पहले हुई जयशंकर की यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है।

