तमिलनाडु के कोयंबटूर में भारी बारिश से 15 लोगों ने गंवाई जान
तमिलनाडु के कोयंबटूर में दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयंबटूर में भारी बारिश से तीन मकान जमींदोज हो गए हैं। मेट्टुपालयम में सोमवार सुबह हुए इस हादसे में अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। मलबे में दबे बाकी लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसे स्थानीय लोगों की मदद से दमकल विभाग चला रहा है। वहीं, अब तमिलनाडु सरकार इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों को 4 लाख रुपयों का मुआवजा देगी।

मकान गिरने की घटना नादुर गांव, अन्नूर रोड और मेट्टूपालयम को-ऑपरेटिव सोसायटी से सामने आई है। मृतकों में 3 पुरुष, 10 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। शवों को मेट्टूपालयम सरकारी अस्पताल लाया गया है जहां पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। मृतकों के नाम हैं-गुरु (45), रामनाथ (20), आनंद कुमार (40), हरिसुधा (16), शिवकामी (45), ओविअम्मल (50), नथिया (30), वैधेगी (20), तिलागवती (50), अरुकानी (55), रुक्मणि (40), निवेता (18), चिन्नामल (70), अक्षय (7) और लोगूराम (7)।
जरूर पढ़ें- जुर्माना घटाने में राज्यों की नहीं चलेगी मनमानी
भारी बारिश के कारण भू स्खलन और भवानी नदी में उफान के कारण नड्डूर और आसपास के गांव से सड़क सम्पर्क टूट गया है। इन गांवों तक पहुंचने वाली सड़क पर बने छोटे-बड़े पुल और पुलियाएं पानी में डूब गए हैं। इससे पानी का स्तर अधिकतम 105 फीट तक पहुंच गया है। बांध कीकुल जलसंग्रहण क्षमता 32.8 टीएमसी फीट है जबकि पानी 32 टीएमसी फीट तक पहुंच गया है। सोमवार सुबह इससे 3500 की बजाए 11,950 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। प्रशासन और बचाव दल वहां तक नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में दिक्कत आ रही है। मेट्टूपालयम की सड़कों पर पानी भरने के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।
कई शहरों में मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चेन्नई, तूतीकोरिन, कांचीपुरम और तिरुवलूर में स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। खराब मौसम के चलते सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

