Breaking News 

मुंबई जाने वाला जेट एयरवेज का एक विमान उड़ान भरने से पहले अचानक रनवे पर झटके से मुड़ गया

गोवा के दाबोलिम हवाई अड्डे पर मंगलवार तड़के मुंबई जाने वाला जेट एयरवेज का एक विमान उड़ान भरने से पहले अचानक रनवे पर झटके से मुड़ गया। विमान में 161 लोग सवार थे जिनमें से 15 यात्रियों को विमान से बाहर निकालते समय मामूली चोटें आई हैं।

घटना सुबह करीब पांच बजे हुई। फ्लाइट 9डब्ल्यू 2374 दुबई से यहां पहुंची और उसे मुंबई के लिए रवाना होना था। विमान उड़ान भरने से पहले अचानक ही रनवे पर फिसल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्रियों को बाहर निकालते समय विमान आगे की तरफ झुक गया जिससे यात्री दहशत में आ गए।

नौसेना सूत्रों ने बताया कि इस प्रक्रिया में 15 लोगों को मामूली चोटें आईं और फ्रैक्चर हुआ है। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि कुछ यात्रियों को बाहर निकाले जाते समय मामूली चोटें आई हैं और जेट एयवेज दल एवं हवाई अड्डा प्राधिकारियों द्वारा उन्हें चिकित्सा सहायता मुहैया करवाई जा रही है। विमान में 154 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। हवाई अड्डा सूत्रों ने बताया कि हवाई अड्डे पर दोपहर साढ़े 12 बजे तक विमानों की आवाजाही बंद रहेगी।

Related posts

Leave a Comment