पूर्व एयरफोर्स चीफ गिरफ्तार : अगस्ता डील
3600 करोड़ रुपये के अगस्ता हेलीकॉप्टर डील में हुई कथित घुसखोरी के मामले में सीबीआई ने शुक्रवार को पूर्व एयरफोर्स चीफ एसपी त्यागी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को अदालत में इन तीनों को पेश किया जाएगा. 12 वीवीआईपी हेलिकॉप्टरों की खरीद में 450 करोड़ रुपये की घूसखोरी से जुड़े इस मामले में एसपी त्यागी के रिश्तेदार संजीव त्यागी और वकील गौतम खेतान की भी गिरफ्तारी हुई है.
एसपी त्यागी 2007 में सेवानिवृत हुए थे. एसपी त्यागी, संजीव त्यागी और चंडीगढ़ में रहने वाले वकील गौतम खेतान को सीबीआई मुख्यालय में शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. करीब चार घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. करीब तीन साल पहले सामने आए इस मामले में सीबीआई की ओर से की गई ये पहली गिरफ्तारी है. रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच के लिए सीबीआई ने 2013 में प्राथमिकी दर्ज की थी.
इस घोटाले से जुड़ी विस्तृत सूचनाएं इटली में सार्वजनिक हुईं, जहां सरकारी वकीलों ने अगस्ता की मुख्य कंपनी फिनमेक्कैनिका के चीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे. इस साल सात अप्रैल को इटली की एक अदालत ने इस डील में घूस देने के आरोप में फिनमेक्कैनिका के दो अधिकारयों को दोषी ठहराया था.

