नशे के खिलाफ जागरूकता के प्रसार का नशा
गत दस वर्ष से वह इस यात्रा पर हैं। न घर की चिंता, न परिवार की। बस एक ही लक्ष्य, लोगों को नशे से बचाना। नशे के खिलाफ बेंगलुरु के अमनदीप की यह मुहिम जितनी अलहदा है, उतनी ही मार्मिक भी। शराब की लत की वजह से अपने मामा राम रेड्डी की मौत ने 57 साल के इस शख्स को इतना गहरा आघात पहुंचाया कि नशे के खिलाफ जनचेतना बढ़ाने के लिए वह साइकिल से भारत यात्रा पर निकल पड़े।
अमनदीप खालसा अब तक देश के 25 राज्यों में नशामुक्ति का संदेश दे चुके हैं। इस अनोखे जुनून की कहानी 2007 से शुरू होती है। अमनदीप का अपने मामा से काफी गहरा लगाव था। मामा शराब के आदी थे। इससे उनका लीवर डैमेज हो गया था। उनके इलाज में पूरा परिवार बर्बाद हो गया। 2007 में उनकी मौत हो गई। अमनदीप को इस घटना ने झकझोर डाला। नशे के खिलाफ उन्होंने यह मुहिम शुरू कर दी। शुरुआत अपने गांव सिक्का तिरुपति से की। गांव के 300 परिवारों को शराब से दूर किया और एक जनवरी 2008 को साइकिल पर सवार होकर भारत यात्रा पर निकल पड़े।
वह पिछले दस साल में 2.12 लाख किमी का सफर करते हुए 35 हजार स्कूल, कॉलेजों तक नशे के खिलाफ संदेश पहुंचा चुके हैं। अमनदीप साइकिल यात्रा के दौरान स्कूल व कॉलेज में जाकर बच्चों को लेक्चर देते हैं। बेंगलुरु के बाद केरल, तमिलनाडु, गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात समेत 25 राज्यों के अनेक शहरों और गांवों में वह घूम चुके हैं। इस क्रम में हल्द्वानी पहुंचे अमनदीप ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि 2012 में बेटी की शादी हुई, मगर तब भी वह घर नहीं गए। इस वजह से उनके पुत्र श्रवण सिंह उनसे नाराज हो गए। श्रवण अमेरिका में ईएनटी स्पेशलिस्ट हैं।

