दिल्ली-हावड़ा, दिल्ली-मुंबई के बीच 200km की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
बजट के जरिए दिल्ली से मुंबई अौर दिल्ली से हावड़ा कॉरिडोर पर 200 किमी की रफ्तार से ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। हालांकि, यह कार्य अगले तीन साल में पूरा होगा लेकिन इसके पूरा होने के बाद इन दोनों ही रूटों पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ जाएगी। इस तरह से भारत में ये पहले ऐसे दो रूट होंगे, जहां ट्रेनों की स्पीड सबसे अधिक होगी।
स्पीड के मामले में अभी सिर्फ गतिमान एक्सप्रेस ही है, जो दिल्ली से आगरा के बीच अधिकतम 160 किमी की रफ्तार से चलती है। इंडियन रेलवे के अफसरों का कहना है कि अगर इन दोनों कॉरिडोर पर ये प्रयोग कामयाब रहा तो यह इंडियन रेलवे में क्रांतिकारी बदलाव हो सकता है। इन दोनों कॉरिडोर में स्पीड बढ़ाने के लिए जो कार्य किए जाने हैं, उन पर लगभग 21 हजार करोड़ रुपये का खर्च आने की संभावना है। ऐसे में औसतन हर साल सात हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। रेलवे का इरादा है कि यह कार्य अपनी कंपनी रेल विकास निगम के जरिए ही कराया जाए।

