कश्मीर में लश्कर आतंकी गिरफ्तार, 20 दिन पहले बना था आतंकी
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने शुक्रवार को लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हथियार व गोलीबारूद बरामद हुए है। आतंकी की पहचान मंजूर अहमद गनई के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि जिले के नवपोरा लासीपोरा इलाके में सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस व सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाबलों को लोगों के विरोध प्रदर्शनों का भी सामना करना पड़ा। उग्र भीड़ को खदेड़ने के लिए सुरक्षाबलों को हवाई फाय¨रग का भी सहारा लेना पड़ा। सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान जारी रखा और लश्कर के एक स्थानीय आतंकी मंजूर गनई को दबोच लिया। बताया जाता है कि मंजूर गनई 20 दिन पहले ही आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। उसके कब्जे से एक पिस्तौल, गोलियों के कई राउंड और दो हथगोले बरामद हुए। एसएसपी पुलवामा रईस अहमद भट ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पकड़े गए आतंकी से पूछताछ जारी है।

