एक्सप्रेस-वे पर बुलंदशहर जैसी डकैती की वारदात, दो लोगों को मारी गई गोली
अलीगढ़ के टप्पल इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे के पास बुलंदशहर हाईवे जैसी वारदात सामने आई है। असलहों से लैस बदमाशों ने पहले रिटायर्ड डीआईजी के फार्महाउस में रहने वाली महिला और उसकी भतीजी को बंधक बनाकर उन्हें घंटो टॉर्चर किया और फिर डकैती डाली। इसके बाद रात करीब दो बजे दिल्ली से लखनऊ जा रही बस को एक्सल फेंककर रोका और यात्रियों से लूटपाट की। बदमाशों ने विरोध कर रहे दो यात्रियों को गोली मारकर और एयरफोर्स के एक जवान को तमंचे की बट से जख्मी कर दिया। वारदात के दौरान गैंगरेप की बात भी सामने आई है, पर इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। यूपी एसटीएफ की तीन टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगाई गई हैं।

