पनडुब्बी परियोजना के लिए आगे आई चार विदेशी कंपनियां
छह स्टेल्थ पनडुब्बी निर्माण की महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुख्य बोलीकर्ता के रूप में चार विदेशी पोत निर्माता सामने आए हैं। रणनीतिक साझीदार माडल के तहत करीब 60,000 करोड़ रुपये के खर्च पर छह पनडुब्बी का निर्माण होगा।
सरकारी सूत्रों ने कहा कि परियोजना के लिए फ्रांसिसी फर्म नेवल ग्रुप, रूसी रोसोबोरोनेक्सपोर्ट रुबिन डिजाइन ब्यूरो, जर्मनी की थ्यसेनकुरुप मरीन सिस्टम्स और स्वीडन के साब ग्रुप ने सरकार के प्रस्ताव के लिए आग्रह (आरएफआइ) का जवाब सौंपा है। सूत्र ने बताया कि स्पेन की नावान्टिआ और जापान की मित्सुविशी-कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज ने आएफआइ का जवाब नहीं दिया है। परियोजना 75 (1) के लिए आरएफआइ का जवाब 16 अक्टूबर तक सौंपना था।
महत्वाकांक्षी रणनीतिक साझीदारी माडल का लक्ष्य भारत में विदेशी उद्यमों की साझीदारी में पनडुब्बी एवं लड़ाकू जेट के निर्माण में निजी फर्मो को शामिल करना है। अनुमान है कि चुने गए विदेशी उद्यम के साथ पनडुब्बी के संयुक्त निर्माण के लिए सरकार शीघ्र ही भारतीय पोत कारखाने की चयन प्रक्रिया शुरू करेगी।

