गावस्कर ने कहा, कभी नहीं खत्म होगा रोहित और विराट का झगड़ा
विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हारने के बाद भारतीय टीम जैसे पूरी तरह से बिखर गई है। भारतीय टीम इस समय अपने वेस्टइंडीज दौरे पर है। मगर लगातार भारतीय टीम के अंदर से मनमुटाव की खबरें आ रही हैं। यह मनमुटाव विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच माना जा रहा है। दरअसल विश्वकप में टीम की हार के बाद अनेक ऐसी खबरें आईं जिससे यह अनुमान लगाया गया कि विराट कोहली और रवि शास्त्री टीम को अपने मन मुताबिक चलाते हैं। जिसके कारण रोहित शर्मा और उनके पसंदीदा खिलाड़ी एक अलग गुट में बंट गए। यही कारण है कि महेंद्र सिंह धोनी को बल्लेबाजी के लिए निचले क्रम में भेजा गया था। जिसका खामियाजा टीम को हार से चुकाना पड़ा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने दावा किया है कि कितनी ही कोशिश कर ली जाए मगर रोहित और विराट का झगड़ा कभी नहीं खत्म होगा।
अपने कॉलम में गावस्कर ने लिखी यह बात
दरअसल पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने अपने कॉलम में लिखा कि अब विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच कुछ भी पहले जैसा नहीं होने वाला है। उन्होंने कॉलम में लिखते हुए कहा कि विराट कोहली या रोहित शर्मा एक ही छत के नीचे चाहे जितना चिल्ला चिल्ला कर कह लें कि उनके बीच सब कुछ ठीक है। मगर कोई इस बात पर यकीन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यदि रोहित शर्मा जल्दी आउट हो जाएंगे तो लोगों को यही लगेगा कि वह जानबूझकर जल्दी आउट हो गए हैं। कोई यह नहीं सोचेगा कि जल्दी आउट होने की वजह से वह टीम से ड्रॉप हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी इस तरह की खबरें फैलाता है वह टीम का शुभचिंतक नहीं है।
सुनील गावस्कर ने लिखा कि रोहित और विराट साथ में कितने ही मैच क्यों न जीत लें। मगर दोनों की लड़ाई की कहानी 20 सालों बाद तक भी चाव से लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि मीडिया जरा सी बात को दोनों के बीच झगड़े जैसा दिखाएगी।

मेरे लिखने का सभी के लिए भले कोई अर्थ नहीं होता..
मगर मेरा लिखना हर किसी के लिए व्यर्थ नहीं होता।



