शिव सेना मुस्लिम आरक्षण की पक्षधर है : उद्धव ठाकरे
कुछ ही समय में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी पार्टियों ने अपनी अपनी रणनीति तय कर ली है। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना का गठबंधन है। मगर दोनों के बीच खटपट की खबरें भी आती रहती हैं। मगर दोनों की विचारधारा का मेल इतना सटीक है कि मतभेद होने के बाद भी दोनों पार्टियां एक दूसरे से अलग नहीं होती हैं। दशहरे की रैली में शिवाजी पार्क में शिव सैनिकों को संबोधित करते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम मुसलमानों का स्वागत करते हैं और मुस्लिम आरक्षण के पक्षधर भी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी हिंदुत्व के एजेंडे पर कायम है और हम समान नागरिक संहिता और राम मंदिर बनाने की वकालत करते हैं।
शिवसेना को मुस्लिम आरक्षण की पक्षधर बता कर सबको चौंकाया
उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना सदा ही हिंदुत्व के विचारधारा पर चलती रही है और वह उसी विचारधारा को लेकर आगे भी बढ़ रही है। मगर उसके बावजूद उद्धव ठाकरे का शिवसेना को मुस्लिम आरक्षण की पक्षधर बताया जाना चौकाने वाला है। उन्होंने दशहरा की रैली के दौरान कहा कि महाराज शिवाजी की सेना में महाराष्ट्र के मुसलमान के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोग भी थे। उन्होंने अपने साथ मिलकर दिल्ली के शासकों के तख्त हिला दिए थे। रैली के दौरान उद्धव ठाकरे ने खुलकर समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर को लेकर कानून बनाया जाना चाहिए।
21 अक्टूबर को पड़ेंगे वोट
महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनावों में 21 अक्टूबर को वोट पड़ने वाले हैं। लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा और शिवसेना में गठबंधन हो गया है। इस बार शिवसेना के खाते में 124 सीटें आई हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना ने सदैव ही भाजपा के बड़े भाई का किरदार अदा किया है। दोनों अपने मतभेदों को भुलाकर फिर से एक बार साथ आकर हिंदुत्व की विचारधारा के साथ चुनाव लड़ रहे हैं।
देश की ताजा खबरों के लिए जुड़े हमारे साथ indiaalive.in पर

मेरे लिखने का सभी के लिए भले कोई अर्थ नहीं होता..
मगर मेरा लिखना हर किसी के लिए व्यर्थ नहीं होता।



