NID छात्र ने जीती बुलेट ट्रेन के लिए आयोजित लोगो डिजाइनिंग स्पर्धा
राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, अहमदाबाद के 27 वर्षीय एक छात्र द्वारा बनाए गए एक लोगो को उच्च स्पीड वाली बुलेट ट्रेन के लोगो की डिजाइनिंग के लिए हुई स्पर्धा में विजेता घोषित किया गया है. लोगो में इंजन पर चीता की रूपरेखा है. ग्राफिक डिजाइन के दूसरे वर्ष के पोस्ट ग्रेजुएट छात्र चक्रधर आला ने इस साल अप्रैल में घोषित स्पर्धा के तहत लोगो की डिजाइन की थी. राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को इस संबंध में घोषणा की. आला के मुताबिक चीता रफ्तार और विश्वसनीयता को प्रदर्शित करता है.
गौरतलब है कि 14 सितंबर को अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापानी पीएम शिंजो आबे ने बहुप्रतीक्षित ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन की आधारशिला रखी थी. इस बुलेट ट्रेन की शुरुआत 15 अगस्त, 2022 तक करने का लक्ष्य रखा गया है. जापान से 100 से भी ज्यादा इंजीनियर भारत में काम कर रहे हैं.

