2014 से अब तक कितने कैदियों को पाकिस्तान से भारत लाने में सफल हुई सरकार
17 जुलाई को हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने कुलभूषण जाधव मामले में अपना फैसला सुनाते हुए पाकिस्तान को कुलभूषण जाधव की फांसी पर फिर से विचार करने का आदेश दिया। इस आदेश के बाद भारत में खुशी की लहर है वहीं पाकिस्तान खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। भारत की तरफ से पक्ष रखने वाले वकील हरीश साल्वे ने केवल ₹1 की फीस पर यह पूरा केस लड़ा और भारत को एक कूटनीतिक जीत दिलाई। गौरतलब है कि कुलभूषण जाधव पिछले कई सालों से पाकिस्तान के हिरासत में हैं। पाकिस्तान ने उन्हें जबरदस्ती ईरान पाकिस्तान के बॉर्डर से अगवा कर लिया था और उन्हें एक भारतीय खुफिया एजेंसी का जासूस बताया था। अंतरराष्ट्रीय कोर्ट के आदेश के बाद कुलभूषण जाधव की फांसी पर रोक लग गई है। मगर आज हम आपको एक आंकड़ा बताएंगे कि 2014 से कितने भारतीय कैदियों को पाकिस्तान से भारत लाने में सरकार सफल रही है।
2014 से इतने कैदी भारत लौट चुके हैं
विदेश मंत्रालय ने लोकसभा में बुधवार को इस विषय के बारे में जानकारी दी विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने जानकारी देते हुए बताया कि 2014 से सरकार अपने लगातार प्रयासों के चलते 2110 कैदियों को भारत वापस लाने में सफल रही है। इस वर्ष यानी कि 2019 में भी अब तक 362 कैदी पाकिस्तान से भारत वापस आ चुके हैं। भारत सरकार अपने देश के नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी मुल्क के सामने लगातार मछुआरों और उनकी नामों से जुड़े मामलों को उठाया जाता रहा है। ताकि पड़ोसी मुल्क में पकड़ लिए जाने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर किसी भी प्रकार का खतरा ना आए।
विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने जानकारी देते हुए बताया कि 2016 में 410 मछुआरे और 2 आम नागरिक भारत वापस आए। वहीं 2017 में 508 मछुआरे और 7 अन्य नागरिक वापस आए। 2018 में 174 मछुआरे और 5 अन्य नागरिकों को अपने देश सुरक्षित वापस लाया गया।

मेरे लिखने का सभी के लिए भले कोई अर्थ नहीं होता..
मगर मेरा लिखना हर किसी के लिए व्यर्थ नहीं होता।



