FB यूजर्स में भारत ने US को पछ़ाड़ा, हर 6 सैकंड में बनता है एक नया यूजर
इंटरनेट डाटा की घटती दरें और सस्ते स्मार्टफोन की उपलब्धता से देश में इंटरनेट इस्तेमाल बढ़ा है। इसी की बदौलत अमेरिका को पछाड़ भारत फेसबुक यूजर्स के मामले में दुनिया में शीर्ष पर पहुंच गया है। अब दुनिया में फेसबुक इस्तेमाल करने वाला हर आठवां व्यक्ति भारतीय है। अब भारत में फेसबुक यूजर्स की संख्या 24.1 करोड़ पहुंच गई है। वहीं अमेरिका में इसके यूजर्स की संख्या 24 करोड़ है। जबकि दुनियाभर में इसके यूजर्स की संख्या करीब 200 करोड़ है।
पिछले छह माह में भारत में तेजी से फेसबुक यूजर्स की संख्या में इजाफा हुआ है। यह इजाफा 27 फीसद के करीब है। जून में फेसबुक का इस्तेमाल करने वाले कुल भारतीय करीब 19 फीसद थे। जबकि मौजूदा समय में कुल भारतीय यूजर्स में से 25 वर्ष से कम के करीब 50 फीसद यूजर्स हैं। वहीं अमेरिका की यदि बात करें तो वहां 12 फीसद सक्रिय फेसबुक यूजर्स बढ़े हैं। भारत में महिलाओं की तुलना में पुरुष फेसबुक के ज्यादा दिवाने हैं। यहां पर करीब 75 फीसद फेसबुक यूजर्स पुरुष ही हैं। जबकि अमेरिका में महिलाएं इसमें ज्यादा दिलचस्पी लेती हैं। वहां पर करीब 54 फीसद महिलाएं फेसबुक यूजर्स हैं।

