CISF के डीजी बोले- पारिवारिक मुद्दों के कारण आत्महत्या कर लेते हैं 50 फीसदी जवान
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक ने मंगलवार को कहा कि 50 जवानों की खुदकुशी के 50 फीसदी मामलों की जड़ों में पारिवारिक मुद्दे और विवाद हैं और सीआईएसएफ जवानों को आत्महत्या से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
सीआईएसएफ ने छुट्टियों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने के लिए हर यूनिट में ‘अवकाश समिति’ बनाई है जिसमें सभी सदस्य जवान होंगे।
सीआईएसएफ के महानिदेशक ओ पी सिंह ने कहा, ‘आप देखेंगे कि सशस्त्र बलों में, पुलिस, अर्धसैनिक बल और सुरक्षा बलों, सभी जगह तनाव है। साथी जवानों की हत्या और खुदकुशी की घटनाएं होती हैं। हम इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने लगाना चाहते हैं। हमने पेशेवर अध्ययन कराए और पाया कि इस तरह के 50 फीसदी मामलों के पीछे वजह पारिवारिक विवाद या समस्याएं हैं। हम अपने सैनिकों को तनावमुक्त करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं जिनमें योग और अन्य व्यायाम शामिल हैं। हम इस दिशा में परंपरा से अलग हटकर भी सोच रहे हैं।’

