Breaking News 

अरुणाचल में सेना के बेस पर उग्रवादियों का हमला, कोई हताहत नहीं

अरुणाचल प्रदेश के नियासा में सेना के कंपनी आपरेटिंग बेस (सीओबी) पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला किया। हालांकि गनीमत की बात यह है कि हमले में न तो कोई हताहत हुआ और न ही किसी प्रकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि एनएससीएन (के) के उग्रवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।

कोहिमा स्थित सैन्य संचालन केंद्र के प्रवक्ता कर्नल चिरनजीत कंवर ने बताया कि सोमवार रात 1:15 बजे के करीब लांगडिंग जिले में नियासा स्थित सीओबी पर कई लोगों के एक दल ने छोटे हथियारों से पांच से 10 राउंड तक गोलियां चलाईं और ग्रेनेड से हमला किया।

कंवर ने बताया, ‘संतरियों की जवाबी कार्रवाई पर हमलावर भाग गए। सीओबी में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। इलाके के ग्रामीणों की सुरक्षा के मद्देनजर जवाबी गोलीबारी को नियंत्रित रखा गया।’ कंवर के अनुसार, हमलावरों के खिलाफ अभियान शुरू किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस हमले के पीछे जिले में सक्रिय नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड (खापलांग) का हाथ है।

Related posts

Leave a Comment