मंदिर के बाहर भीख मांग रहा था रूसी युवक, सुषमा स्वराज ने बढ़ाया मदद का हाथ
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंदिर के बाहर भीख मांग रहे रूसी युवक को मदद का भरोसा दिया है. ये युवक अपने एटीएम का पिन लॉक हो जाने के बाद कांचीपुरम में एक मंदिर के बाहर भीख मांगने पर मजबूर हो गया था. स्वराज ने ट्वीट किया, ‘‘इवनगेलीन, आपका देश रूस हमारा मित्र है. चेन्नई में मेरे अधिकारी आपकी हर संभव मदद करेंगे.’’ पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु घूमने आए 24 वर्षीय रूसी युवक के एटीएम कार्ड का पिन लॉक हो गया जिसकी वजह से वह धन नहीं निकाल पाया और उसे भीख मांगना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक, इवेन्जलिन नामक युवक कुछ दिनों से कांचीपुरम के श्री सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के बाहर भीख मांग रहा था. स्थानीय लोग एक विदेशी को सड़क पर बैठ भीख मांगता देख हैरान थे. लोगों ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी, जिसके बाद युवक को थाने ले जाया गया. पुलिस ने युवक के पास मौजूद दस्तावेज की जांच की, जो सही पाए गए.

