केंद्र सरकार का सीमा के 9600 जवानों को प्रोन्नति का तोहफा
केंद्र सरकार ने अरसे से लंबित अर्द्धसैनिक बलों के 9600 जवानों की प्रोन्नति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने तीन तरफ की सीमाओं पर तैनात इन अर्द्धसैनिक बलों की प्रगति में आए ठहराव को दूर करने के मकसद से यह कदम उठाया है।
विगत दो मार्च को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह निर्देश दिया है। इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। साथ ही सरकार 9603 पुरुषों और महिलाओं का पहला प्रोमोशन भी सुनिश्चित करती है। सहस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को सर्वाधिक प्रोमोशन मिलेंगे। इनकी संख्या 4095 है। जबकि 3024 प्रोमोशन के साथ आइटीबीपी दूसरे स्थान और 2484 के साथ असम राइफल्स तीसरे स्थान पर है।
सरकार के इस फैसले से वर्ष 2012 से लंबित तीनों अर्द्धसैनिक बलों में निचली रैंकों में रुके प्रोमोशन हो पाएंगे। इन बलों ने सरकार से 2013 में प्रत्येक सेक्शन में एक कांस्टेबल को प्रोन्नत करने की अपील की थी। एक बटालियन के प्रत्येक धड़े में 10 से 12 अफसर होते हैं। इन्हें प्रोन्नत करके अब हेड कांस्टेबल या हवलदार का ओहदा दिया जाएगा। सरकार के इस कदम से प्रोन्नति के अवसर बढ़ जाएंगे।

