पाकिस्तान ने भारत के 24 और मछुआरों को पकड़ा
पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने पिछले दो दिनों में गुजरात तट से 94 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया है और उनकी 17 नौकाएं जब्त कर ली हैं। नेशनल फिशरवर्क्स फोरम के सचिव मनीष लोधारी ने बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने शनिवार को 13 नावों पर सवार 70 मछुआरों को पकड़ लिया था। रविवार को उन्होंने अरब सागर में समुद्री सीमा रेखा के पास 24 मछुआरों को पकड़ लिया। इन सभी मछुआरों को कराची ले जाया गया है।
लोधारी ने कहा कि इन घटनाओं से मछुआरे डरे हुए हैं। पाकिस्तानी एजेंसी के जहाज इलाके में अब भी सक्रिय हैं और मछुआरों को आगे भी इस तरह से गिरफ्तारी की आशंका सता रही है। पिछले सप्ताह भी पाकिस्तान ने 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था और उनकी दो नौकाएं जब्त कर ली थीं। दूसरी तरफ बीएसएफ ने दो फरवरी को पाकिस्तान की चार छोड़ी हुई नौकाएं जब्त की थीं।

