खेल रत्न मिलने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की सूचना जारी कर दी है।
वर्ल्ड चैंपियन वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा कप्तान विराट कोहली को 25 सितम्बर को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा ।
एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल अपने नाम करने वाले भाला फेंक के ऐथलीट नीरज चोपड़ा को अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है । इन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था । इसके अलावा और 19 खिलाड़ियों को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया है ।
वही विश्व के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज कोहली जो पिछले कुछ साल से बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। विराट कोहली ने अब तक 71 टेस्ट मैचों में 6147 रन और 211 वन डे में 9779 रन बनाए हैं। उन्हें इससे पहले 2016 और 2017 में भी इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।
मीराबाई चानू को पिछले साल के वर्ल्ड चैंपियनशिप में 48 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतने के कारण ही इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इस साल भी उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था लेकिन घायल होने के कारण एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पाईं।
ज्ञातव्य है कि अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार विजेता को लघुप्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ी पदक और प्रशस्ति पत्र के अलावा 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। राष्ट्रपति उसी दिन द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है :
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार: विराट कोहली और मीराबाई चानू।
द्रोणाचार्य पुरस्कार: तारक सिन्हा (क्रिकेट, आजीवन); जीवन कुमार शर्मा (जूडो, आजीवन); वी आर बीडु (ऐथलेटिक्स, आजीवन) , सी ए कुट्टप्पा (मुक्केबाजी); विजय शर्मा (भारोत्तोलन); ए श्रीनिवास राव (टेबल टेनिस); सुखदेव सिंह पन्नू (एथलेटिक्स); क्लेरेंस लोबो (हॉकी, आजीवन) ।
अर्जुन पुरस्कार: मणिका बत्रा, जी सथियान (टेबल टेनिस); रोहन बोपन्ना (टेनिस); सुमित (कुश्ती); पूजा काडिया (वुशु); अंकुर धामा (पैरा-ऐथलेटिक्स); मनोज सरकार (पैरा-बैडमिंटन)नीरज चोपड़ा, जिन्सन जॉनसन और हिमा दास (ऐथलेटिक्स); एन सिक्की रेड्डी (बैडमिंटन); सतीश कुमार (मुक्केबाजी); शुभंकर शर्मा (गोल्फ); मनप्रीत सिंह, सविता (हॉकी); रवि राठौड़ (पोलो); राही सरनोबत, अंकुर मित्तल, श्रेयसी सिंह (निशानेबाजी) स्मृति मंधाना (क्रिकेट) ।
ध्यान चंद पुरस्कार: बॉबी अलॉयसियस (एथलेटिक्स); चौगले दादू दत्तात्रेय (कुश्ती) सत्यदेव प्रसाद (तीरंदाजी); भरत कुमार छेत्री (हॉकी) ।

