हनीप्रीत की तलाश में नेपाल बॉर्डर पर छापेमारी, सात जिलों में अलर्ट जारी
पंचकुला की विशेष सीबीआई कोर्ट में जहां राम रहीम के खिलाफ हत्या के दो मामलों में सुनवाई चल रही है, वहीं हरियाणा पुलिस की टीम बिहार पुलिस के साथ मिलकर नेपाल बॉर्डर के जिलों में हनीप्रीत की तलाश में दबिश दे रही है. इस संबंध में सीमा से लगे सात जिलों में अलर्ट भी जारी किया गया है.
गुरमीत राम रहीम के जेल जाने के बाद उसकी चहेती हनीप्रीत को पुलिस शिद्दत से तलाश कर रही है. जिसके चलते शनिवार की सुबह से ही हरियाणा पुलिस की टीम बिहार पुलिस के साथ मिलकर नेपाल की सीमा से लगे इलाकों में छापेमारी कर रही है. यही नहीं नेपाल से लगे बिहार के सात जिलों में पुलिस ने हनीप्रीत को लेकर अलर्ट भी जारी किया है.
इससे पहले शुक्रवार को हरियाणा पुलिस के हाथ उस वक्त बड़ी कामयाबी लगी, जब पुलिस ने हनीप्रीत के विश्वास पात्र ड्राइवर प्रदीप को राजस्थान के लक्ष्मणगढ़ इलाके से गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस के मुताबिक ड्राइवर प्रदीप पिछले कई दिनों से सालासर में छिपा हुआ था.
प्रदीप की गिरफ्तारी की पुष्टि हरियाणा के डीजीपी ने भी की थी. पुलिस को उम्मीद है कि प्रदीप से हनीप्रीत का कोई न कोई सुराग उनके हाथ लग सकता है. हनीप्रीत की तलाश में हरियाणा पुलिस कई प्रदेशों की खाक छान रही है. साथ ही नेपाल बॉर्डर से लगे इलाकों पर पुलिस की खास नजर है.

