सेना पर विवादित टिप्पणी कर फंसे आजम खान, देशद्रोह का केस दर्ज
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की मुश्किलें बढ़ सकती है। सेना पर कथित विवादित टिप्पणी करने के लिए उनके खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कर लिया गया है। शुक्रवार को बिजनौर के चांदपुर पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आजम के बयान को लेकर कई नेताओं और संगठनों ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की थी।
पुलिस थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने कहा, ‘आजम खान के खिलाफ आईपीसी की धारा 124 ए (राजद्रोह), 131 (दंगे के लिए उकसाना या ड्यूटी पर तैनात सैनिक को विचलित करने की कोशिश करना) और धारा 505 (बयान से लोक शांति भंग करने की कोशिश) के तहत FIR दर्ज की गई है। यह केस बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री अनिल पांडे की ओर दी गई शिकायत पर दर्ज किया गया है।

