भीषण मुठभेड़ों में मेजर सहित चार शहीद, चार आतंकी भी ढेर
उत्तरी कश्मीर में मंगलवार को हुई भीषण मुठभेड़ों में एक मेजर समेत चार जवान शहीद हो गए। सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को भी ढेर कर दिया। बांडीपोर में मुठभेड़ के विरोध में लोगों ने हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिए। इसकी आड़ में दो आतंकी निकल भागे। हिंसा को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को बल का प्रयोग करना पड़ा, जिससे सात लोग जख्मी हो गए। बांडीपोर में मारा गया आतंकी लश्कर-ए-तैयबा का खूंखार अबु हारिस है।
शहीद मेजर की पहचान सतीश दाहिया निवासी नारनोल हरियाणा के रूप में और शहीद जवानों की पहचान धर्मेंद्र निवासी कालाडुगी नैनीताल, रवि कुमार निवासी सांबा जम्मू-कश्मीर और आशुतोष कुमार निवासी जौनपुर उप्र के रूप में हुई है। मेजर सतीश 30 आरआर के साथ अटैच थे। वे सात साल पहले सेना में शामिल हुए थे।
जानकारी के अनुसार सेना, अर्धसैनिक बल व पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) के जवानों ने तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुबह चार बजे बांडीपोर के पर्रे मोहल्ले में घेराबंदी की। फजर की नमाज के बाद सुरक्षाबलों ने जैसे ही आतंकी ठिकाना बने मकान का रुख किया, आतंकियों ने उन पर ग्रेनेड दागते हुए अपने स्वचालित हथियारों से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थानीय लोग नारेबाजी करते हुए मुठभेड़ स्थल पर जमा हो गए। उन्होंने सुरक्षाबलों पर पथराव करते हुए घेराबंदी को तोड़ आतंकियों के लिए रास्ता बनाने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षाबलों ने घेराबंदी नहीं हटाई। पथराव के बीच आतंकियों की गोलियों का जवाब देना जारी रखा और एक आतंकी को मार गिराया। दो ग्रामीणों की आड़ में भाग निकले।

