भारत व चीन दे रहे विश्व अर्थव्यवस्था को रफ्तार
विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) और कई देशों के मंत्रियों ने विश्व व्यापार के समावेशी विकास के लिए बेहतर घरेलू नीतियां बनाने का आह्वान किया है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आइएमएफ) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टीन लगार्ड ने कहा कि भारत और चीन जैसे ग्रोथ के नए इंजनों की बदौलत विश्व अर्थव्यवस्था में सुधार आना तय है। भारतीय बैंकर उदय कोटक ने धुंधली ग्लोबल अर्थव्यवस्था के आसमान में भारत को चमकता सितारा बताया। अलबत्ता सम्मेलन के दौरान अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद नीतियों में अनिश्चितता को लेकर नीति निर्माताओं और कारोबारी दिग्गजों ने चिंता जताई। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने वैश्वीकरण को दोधारी तलवार बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की समस्याओं के लिए इसे जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। सम्मेलन की खास बात यह भी रही कि इस दौरान नीति आयोग, विश्व बौद्धिक संपदा अधिकार संगठन और कॉर्नेल यूनिवर्सिटी ने इंडिया इनोवेशन इंडेक्स तैयार करने की खातिर हाथ मिलाया है। यह इंडेक्स भारतीय राज्यों के प्रदर्शन की रैंकिंग करेगा। इसकी ओर से पहली ऐसी रैंकिंग नई दिल्ली में चार से छह अक्टूबर, 2017 के बीच होने वाली इंडिया इकोनॉमिक समिट में जारी की जाएगी।

