भारत-ओमान का दूसरा संयुक्त सैन्य अभ्यास आज से
भारत और ओमान के सैनिकों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास सोमवार से हिमाचल प्रदेश में होने जा रहा है। दोनो देशों के बीच यह दूसरा संयुक्त अभ्यास है और इससे पहले यह अभ्यास दो साल पहले ओमान में हुआ था।
दोनों देशों के बीच 14 दिनों तक चलने वाला यह संयुक्त सैन्य अभ्यास हिमाचल प्रदेश के बाकलोह स्थित धौलाधर रेंज में किया जाएगा। इसमें भारतीय सेना तथा रायल आर्मी आफ ओमान के साठ जवान हिस्सा लेंगे।
इस संयुक्त अभ्यास का मकसद दोनों देशों की सेना के बीच द्विपक्षीय संबंध बनाना और इसे बढावा देना तथा कौशल और अनुभवों के आदान प्रदान के दौरान परस्पर कार्यक्षमता बढाना है। इसके अलावा इसका लक्ष्य एक दूसरे की सैन्य प्रक्रिया के गुणात्मक ज्ञान में वृद्धि करना भी है।

