पाक को करें अकेला: बांग्लादेश
भारत को बांग्लादेश के सहयोग का आश्वासन देते हुए उसके गृहमंत्री असदुज्जमां खान कमाल ने कहा है कि पाकिस्तान को ‘आतंकियों को पनाह देने और आतंकी कृत्यों को बढ़ावा देने के लिए’ अलग-थलग कर दिया जाना चाहिए। खान ने यह भी कहा कि भारत के साथ तीस्ता जल बंटवारा संधि में होने वाली देरी विपक्षी दलों और जमात जैसे चरमपंथी संगठनों को बांग्लादेश में भारत-विरोधी भावनाएं भड़काने का मौका दे रही हैं।
खान ने PTI को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘पाकिस्तान ने हमेशा से आतंकवादियों को पनाह और समर्थन दिया है। हमें लगता है कि जो भी आतंकवाद को बढ़ावा देता है, उसे हतोत्साहित और अलग-थलग किया जाना चाहिए। हमें ऐसे हमलों को हतोत्साहित करने के लिए और उनकी निंदा करने के लिए हर संभव कदम उठाना चाहिए। इस तरह के आतंकी हमले किसी भी देश के खिलाफ नहीं होने चाहिए।’

